चिड़ावा स्टेशन रोड पर चलती कार में लगी आग, समय रहते टला बड़ा हादसा, स्थानीय लोगों की सतर्कता से आग पर पाया गया नियंत्रण, कुछ देर के लिए सड़क मार्ग रहा बाधित

चिड़ावा, 9 जून 2025: शहर के व्यस्त स्टेशन रोड पर सोमवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। यह घटना पंचायत समिति मार्केट के सामने नवीन मार्बल के पास हुई, जहां कार के बोनट से धुआं उठता देख राहगीरों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

Advertisement's
Advertisement’s

जानकारी के अनुसार राजगढ़ निवासी एक व्यक्ति चिड़ावा में अपने परिचितों से मुलाकात कर लौट रहा था। जैसे ही वह अपनी कार लेकर स्टेशन रोड स्थित नवीन मार्बल के सामने पहुंचा, कार के आगे के हिस्से से धुआं उठने लगा। थोड़ी ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं जिससे राह चलते लोग भी घबरा गए।

आग की सूचना मिलते ही वहां मौजूद जय सिंह धनखड़, संदीप कुमार और अन्य दुकानदार तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर निजी अग्निशामक यंत्रों और पानी की मदद से आग पर काबू पाया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। हालांकि आग लगने की वजह से कुछ समय के लिए सड़क मार्ग बाधित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Advertisement's
Advertisement’s

स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि कुछ मिनट की भी देरी होती तो आग पूरे वाहन को चपेट में ले सकती थी और जानमाल की हानि भी हो सकती थी। गनीमत रही कि समय रहते लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को संभाल लिया।

फिलहाल वाहन चालक सुरक्षित है और घटना की सूचना संबंधित विभागों को भी दे दी गई है। घटना के बाद अग्निशमन से जुड़े संसाधनों की उपलब्धता और सड़क पर ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!