चिड़ावा: सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पिलानी रोड स्थित पुराने डिप्टी ऑफिस के सामने एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलगांव निवासी 25 वर्षीय प्रियंका मेघवाल की शादी करीब दो वर्ष पूर्व लोटिया निवासी मनोज कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से दोनों सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे थे, लेकिन पिछले करीब दो माह से यह दंपति चिड़ावा के पिलानी रोड स्थित डिप्टी ऑफिस के सामने गली में किराए के मकान में रह रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही प्रियंका को एंबुलेंस की सहायता से चिड़ावा के उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. भानु प्रकाश भास्कर और वार्ड बॉय कर्मवीर श्योराण ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के एएसआई वीरेंद्र यादव, कांस्टेबल करण सिंह और परमेंद्र सिंह अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। चूंकि मामला सूरजगढ़ थाना क्षेत्र का है, इसलिए वहीं की पुलिस जांच कर रही है।

घटना के बाद प्रियंका के ससुराल और पीहर पक्ष के परिजन अस्पताल पहुंच गए, लेकिन किसी ने भी आत्महत्या के कारणों पर कोई बयान देने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।




