चिड़ावा, 25 मई 2025: कस्बे में स्थित शनि मंदिर परिसर (कृष्ण गौशाला के पास) में इस वर्ष भी 27 मई 2025, मंगलवार को शाम 5 बजे से शनि जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय मोहल्लेवासियों और भक्तों के सहयोग से होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न धार्मिक गतिविधियां संपन्न होंगी।

धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे शनि देव की भव्य आरती और पारंपरिक तेल अभिषेक से होगी। इसके बाद प्रभु को भोग अर्पित कर प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में शाम 7 बजे से 8 बजे तक संगीतमय राम अमृतवाणी पाठ किया जाएगा। इसके बाद 8 वर्षीय बालिका द्वारा रामायण पाठ प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें धृति, रूजल, आदिका और अर्थव सहित अन्य बच्चे भाग लेंगे।

रात 9 बजे से विक्की हर्षवाल पार्टी द्वारा भजन प्रस्तुति दी जाएगी, जो माहौल को भक्तिमय बना देगी। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचने और कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है, जिससे वे धार्मिक पुण्य के भागी बन सकें।