चिड़ावा: कस्बे में नगरपालिका की सरकारी मोटरसाइकिल चोरी की घटना का पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। चिड़ावा थाना पुलिस ने मामले में आरोपी विक्की को गिरफ्तार कर चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
चिड़ावा वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के मार्गदर्शन में थाना चिड़ावा स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी आशाराम के सुपरविजन में गठित टीम ने तकनीकी सहायता और सूचनाओं के आधार पर चोरी की इस वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा किया।
इस मामले में परिवादी मुनेश कुमार, जो नगरपालिका चिड़ावा में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं, ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि कार्यालय कार्यों के लिए उपलब्ध कराई गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर RJ18AS0745 दिनांक 31 जनवरी 2026 की शाम करीब 6:30 से 7:30 बजे के बीच पंडितजी मार्ग, बाइपास रोड क्षेत्र से चोरी हो गई। इस रिपोर्ट पर पुलिस थाना चिड़ावा में मुकदमा संख्या 40/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। तकनीकी विशेषज्ञों की सहायता ली गई। जांच के दौरान झुंझुनूं कोतवाली थाना पुलिस से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जो चिड़ावा क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी में शामिल हो सकता है। इसके बाद आरोपी को डिटेन कर गहन पूछताछ की गई।
पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने के बाद आरोपी विक्की को 3 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त हुआ। आरोपी की निशानदेही पर 4 फरवरी 2026 को नगरपालिका चिड़ावा की चोरी हुई सरकारी मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य साथियों और संभावित चोरी की वारदातों को लेकर गहन अनुसंधान कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी विक्की पुत्र विजय सिंह झुंझुनूं शहर के वार्ड नंबर 43 का निवासी है। आरोपी पर पहले भी संदेहास्पद गतिविधियों में शामिल रहने की जानकारी खंगाली जा रही है।
इस पूरे मामले में चिड़ावा थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें आशाराम, धर्मपाल यादव, विकास डारा, विकास कुमार, रणजीत और बनवारी शामिल रहे।





