चिड़ावा, 5 मई 2025: बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा, कार्य व्यवस्था और तकनीकी आदेशों को लेकर अब विरोध की चिंगारी सड़कों तक पहुंच चुकी है। अजमेर विद्युत श्रमिक संघ, भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले चिड़ावा स्थित सहायक अभियंता कार्यालय पर 6 मई 2025 से क्रमिक धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

श्रमिक संघ के सचिव सोमेश स्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि बार-बार फीडर परिवर्तन के कारण कर्मचारियों के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इससे न केवल कर्मचारी खतरे में रहते हैं, बल्कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि रीडिंग कार्य का अनुपात समान नहीं होने से कर्मचारियों पर कार्यभार असमान रूप से पड़ता है, जो अव्यवस्था और असंतोष का कारण बन रहा है।
स्वामी ने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा बिना प्रशिक्षण के कर्मचारियों को तकनीकी कार्यों में लगाया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। इसी संदर्भ में एक ज्ञापन सहायक अभियंता अरविन्द कुमार को सौंपा गया है।
श्रमिक संघ के जिला महामंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक कर्मचारियों की जायज़ मांगों पर ध्यान नहीं दिया जाता, तब तक यह क्रमिक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और संगठित कार्य प्रणाली की मांग को लेकर है, और संगठन इससे पीछे नहीं हटेगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमुख पदाधिकारी व कर्मचारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के अवसर पर श्रमिक संघ के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र तंवर, जिला उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, द्वारका प्रसाद, जिला संयुक्त महामंत्री राजवीर सामरिया, उपखण्ड अध्यक्ष राजेन्द्र योगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीताराम योगी, अनिल सैनी, दलीप सैनी, कृष्ण कुमार, वसीम अली, होसियार, विशाल, अजय जांगिड़, राजेश सैनी और हसन अली सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।