चिड़ावा: नगरपालिका चिड़ावा द्वारा शहर के पिलानी रोड़ बाइपास चौराहे से पांच दिन पहले प्रारंभ किया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान रविवार को भी जारी रहा।
पिलानी रोड़ बाइपास चौराहे से मंड्रेला रोड़ तिराहे तक सड़क के एक तरफ के अवैध कच्चे पक्के निर्माण हटाने के बाद आज सड़क के दूसरी तरफ के निर्माण हटाए गए। सुबह 10 बजे प्रारंभ हुए अभियान को दोपहर करीब 12 विरोध का भी सामना करना पड़ा।
कांग्रेस के युवा नेता अभिषेक शर्मा ‘सोनू’ ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की कि अतिक्रमण हटाने के साथ ही बिजली के पोल भी बीच रास्ते से हटाएं जाएं। सोनू ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने की वजह से सड़क के दोनों तरफ लगे बिजली के पोल बीच रास्ते में आ गए हैं। इस वजह से यहां दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ गई है।
शनिवार को भी इसी रोड़ पर एक कार के बिजली पोल से टकरा जाने की वजह से एक 85 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर घायल हो गए थे जिन्हें झुंझुनूं रेफर किया गया था।
नगरपालिका जेईएन आकाश जांगिड़ ने माहौल को समझाइश कर शांत किया। जांगिड़ ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चिड़ावा के लोगों से अपील की कि वें मुख्य मार्गों पर आने वाले अपने अवैध कच्चे पक्के निर्माण स्वयं हटा लें अन्यथा सभी प्रकार के नुकसान की जिम्मेदारी निर्माण कर्ता की ही रहेगी।




