चिड़ावा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, चालक भी गंभीर घायल

चिड़ावा: शहर के बावलिया बाबा मंदिर के पीछे झुंझुनूं बाइपास पर सोमवार रात करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बावलिया बाबा समाधि स्थल के पीछे रहने वाले मोतीलाल पुत्र विश्वनाथ रात का भोजन करने के बाद अपने खेत की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे बाइक चालक अंशु उर्फ मनजीत पुत्र रोहिताश्व ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों व्यक्ति उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

Advertisement's
Advertisement’s

घटना की सूचना तुरंत 108 एंबुलेंस को दी गई। सूचना मिलते ही एंबुलेंस चालक बंटी नूनिया और ईएमटी अंकित निर्मल मौके पर पहुंचे और घायलों को चिड़ावा उप जिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टर संदीप शर्मा ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण दोनों को झुंझुनूं जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के लिए झुंझुनूं ले जाते समय बुजुर्ग मोतीलाल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना से परिवार में मातम छा गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा थाने से एएसआई राजेंद्र कुमार और कांस्टेबल विकास अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी जुटाई और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!