चिड़ावा: पुलिस ने ट्रैफिक नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए लगातार तीसरे दिन भी वाहन चेकिंग अभियान जारी रखा। बुधवार शाम सात से नौ बजे तक शहर के कबूतर खाना क्षेत्र में यह विशेष कार्रवाई की गई। चिड़ावा थाने के प्रभारी आशाराम गुर्जर के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में कुल 25 दोपहिया वाहनों के चालान काटे गए, जबकि 9 वाहनों को जब्त कर थाने में खड़ा किया गया।
इस अभियान में हेड कांस्टेबल मंजू के साथ सूचना अधिकारी राजवीर सिंह, महेंद्र यादव, गौरव, वीरसिंह, सुनील कुमार व चालक सुनील कुमार सक्रिय रूप से शामिल रहे। वहीं, ट्रैफिक पुलिस की ओर से शमशेर, शीशराम और जयपाल ने भी मोर्चा संभाला।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन वाहन चालकों को भी चेतावनी दी जो बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट या आवश्यक दस्तावेजों के बिना वाहन चला रहे थे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
थानाधिकारी आशाराम गुर्जर ने बताया कि यह अभियान आमजन की सुरक्षा और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है और आगे भी शहर के विभिन्न हिस्सों में नियमित रूप से जारी रहेगा।





