चिड़ावा: बाईपास स्थित ढाबे पर झुंझुनू के युवक ने फांसी लगा कर की आत्महत्या, पुलिस को नहीं मिला कोई सुसाइड नोट, 2-3 दिन से लापता था युवक

चिड़ावा, 25 दिसम्बर 2024: चिड़ावा में आज सुबह-सुबह ही एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बड़ी ख़बर सामने आई है। कस्बे के बाईपास स्थित बालाजी पेट्रोल पम्प के पास सोना परदेसी ढाबा में आत्महत्या की यह वारदात हुई है।

चिड़ावा सीआई विनोद सामरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदीप उर्फ जॉनी (22 वर्ष), पुत्र ओमप्रकाश कुमावत, मूल रूप से झुंझुनू का रहने वाला था जो कि चिड़ावा में वार्ड नंबर 9, जोशियों की बगीची के पास अपनी ननिहाल में ही रहता था। युवक ने बाईपास पर बने सोना परदेसी ढाबा में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली।

मिली जानकारी के अनुसार ढाबा गोदारा परिवार का है जिसे 2 माह पहले ही मृतक युवक के मामा महेन्द्र ने किराए पर लिया था। मृतक युवक प्रदीप मकानों में रंग-पेंट का काम करता था। और कई बार होटल पर अपने मामा के पास आ जाया करता था। मृतक युवक के पिता का पहले ही देहांत हो चुका है और उसके 2 छोटे भाई और हैं। जानकारी मिली है कि मृतक प्रदीप उर्फ जॉनी 2-3 दिन से काम की तलाश में कहीं बाहर गया हुआ था और उसके बारे में परिवार में भी किसी के पास कोई सूचना नहीं थी कि वह कहां गया है। परिवार के लोग अपने स्तर पर युवक की तलाश भी कर रहे थे।

बीती रात 10:30 बजे के बाद ढाबा संचालक महेन्द्र अपना काम खत्म करके ढाबे पर ही बने अपने कमरे में सोने के लिए चला गया था और उस वक्त प्रदीप उर्फ जॉनी ढाबे पर मौजूद नहीं था। वह रात को होटल पर कब आया, और अन्दर कैसे आया इसके बारे में भी किसी को कोई जानकारी नहीं थी। बताया जा रहा है कि देर रात किसी समय ढाबे पर आकर युवक वहां बनाए गए टिन शेड में लगी गार्टर से फंदा लगा कर झूल गया। सुबह उठने पर ढाबा संचालक महेन्द्र ने सोनू के शव को देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

चिड़ावा: बाईपास स्थित ढाबे पर झुंझुनू के युवक ने फांसी लगा कर की आत्महत्या, पुलिस को नहीं मिला कोई सुसाइड नोट, 2-3 दिन से लापता था युवक

युवक द्वारा आत्महत्या कर लेने की घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवा कर एम्बुलेंस से चिड़ावा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया और मौका मुआयना किया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक प्रदीप उर्फ जॉनी के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों की जानकारी मिल पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!