चिड़ावा: सनातन आश्रम के महालक्ष्मी धाम में वार्षिक मूर्ति स्थापना समारोह इस वर्ष तीन दिवसीय आयोजन के रूप में 4 जुलाई से 6 जुलाई तक श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है। आयोजन से पूर्व सनातन आश्रम विकास समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें तैयारियों की समीक्षा की गई और आयोजन की सफल संचालन हेतु सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

समिति के तेज प्रकाश सोनी और राकेश जाखड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन की शुरुआत शुक्रवार, 4 जुलाई को प्रातः 9:15 बजे गणेश पूजन के साथ होगी। इसी दिन दोपहर 3:15 बजे से संगीतमय गीता अमृत मंगलपाठ का आयोजन किया जाएगा। शनिवार, 5 जुलाई को दोपहर 3:15 बजे संगीतमय श्रीरामायण पाठ किया जाएगा, जिसमें भजन व कीर्तन के माध्यम से रामकथा का श्रवण कराया जाएगा।

रविवार, 6 जुलाई को आयोजन का मुख्य दिन रहेगा। इस दिन प्रातः 9:15 बजे महालक्ष्मी यज्ञ संपन्न होगा, जिसके बाद 10:15 बजे महाआरती की जाएगी। महाआरती के पश्चात 11:15 बजे से भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

इस आयोजन के यजमान शिवकुमार पोदार रहेंगे जबकि मूर्ति स्थापना दिवस के यजमान पवन कुमार शर्मा (ढाणी वाला) होंगे। आयोजन का समन्वयन वाणीभूषण प्रभुशरण तिवाड़ी के नेतृत्व में उनके सहयोगी सदस्य, भगवत जन परिवार और सनातन आश्रम विकास समिति द्वारा किया जा रहा है।

बैठक में पूर्व पार्षद शिवलाल सैनी, रामनिवास जांगिड़, रत्तीराम राजोतिया, अनिल शर्मा लांबीवाला, चंद्रमौली पचरंगीया, मातूराम महर्षी, वेदान्त तिवाड़ी और प्रकाश महर्षी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन में भाग लें और पुण्य लाभ अर्जित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!