चिड़ावा (झुंझुनूं): चौधरी कॉलोनी चिड़ावा के वार्ड नंबर 10, 11 और 14 में जल संकट गंभीर होता जा रहा है। कॉलोनीवासी सोमवार को जलदाय विभाग को ज्ञापन सौंपकर पानी की नियमित और समुचित आपूर्ति बहाल करने की मांग करेंगे।

इस बाबत आज चौधरी कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में तीनों वार्डों के सैंकड़ों निवासी इकट्ठा हुए तथा वार्डों में आ रही पानी की किल्लत पर एकजुट होकर प्रशासन को अवगत करवाने का निर्णय लिया।

निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पेयजल की सप्लाई केवल दो ट्यूबवेल के भरोसे थी, लेकिन अब इनमें से एक ट्यूबवेल को विभाग ने खराब घोषित कर दिया है। दूसरा ट्यूबवेल भी जरूरत के अनुसार जलापूर्ति नहीं कर पा रहा, जिससे अंदरुनी कई इलाकों में पानी नहीं पहुंच रहा है।

निवासियों ने आरोप लगाया कि टंकी की स्थिति नीचे होने और पानी का प्रेशर कम होने के कारण ऊपरी मंजिलों तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे बीते दो माह से उन्हें निजी टैंकरों के जरिए पानी खरीदना पड़ रहा है। विभाग को कई बार अवगत कराने के बावजूद समाधान नहीं हुआ है।

नई पाइपलाइन और ट्यूबवेल कनेक्शन की मांग

वार्ड वासियों का कहना है कि कॉलोनी की पुरानी बस्तियों की पाइपलाइन हटाकर नई बस्ती हनुमान नगर की ओर लाइन शिफ्ट कर दी गई है, जबकि नई बस्ती में केवल 30–35 घर ही हैं। यहां दो ट्यूबवेल चालू हैं, जिससे उन्हें ही नियमित पानी मिल रहा है, जबकि पुरानी कॉलोनी के लोगों को पानी की भारी किल्लत झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोग ने इस असंतुलित जल वितरण को जल्द ठीक करने की करेंगे।

विभाग ने बीते 4 मई को सार्वजनिक टंकी के पास दो नए ट्यूबवेल खुदवाए थे, लेकिन इनमें से केवल एक को ही अभी तक टंकी से नहीं जोड़ा गया है। इससे नियमित जलापूर्ति बाधित हो रही है और लोगों को मजबूरी में कम दबाव वाले ट्यूबवेल से पानी भरना पड़ रहा है।

गर्मी में बढ़ी परेशानी, बुजुर्ग और महिलाएं हो रहीं प्रभावित

कॉलोनीवासियों ने बताया कि पुराने समय से चली आ रही आपूर्ति व्यवस्था को बदलने के बाद नए लोग तो वार्डों में बस गए, लेकिन पुराने बाशिंदों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। बुजुर्गों और महिलाओं को गर्मी में अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पुनः समाधान की अपील

बैठक में निवासियों निर्णय लिया है कि विभाग को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त ट्यूबवेल को सार्वजनिक टंकी से जोड़ने और पुराने क्षेत्रों में नई लाइनें बिछाकर संतुलित जल वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अवगत करवाया जाएगा, ताकि सभी लोगों तक समान रूप से पेयजल पहुंच सके और भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सके।

यह ज्ञापन सोमवार 2 जून 2025 को जलदाय विभाग चिड़ावा के सहायक अभियंता को सौंपा जाएगा। इसकी प्रतिलिपि उपखंड अधिकारी को भी दी जाएगी।

बैठक में कुलदीप मान , बलवीर सिंह भगासरा, सुमेर, हनुमान खरडीया, अमरसिंह चाहर, सूबेदार हजारीलाल, सुरेश कुमार, रणवीर थालौर, धर्मपाल, उमराव, गायत्री, गिन्नी देवी, जरीना, विमला देवी, फूलकोर सहित सैकड़ों की संख्या में वार्डवासी इकट्ठा हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!