चिड़ावा: कम वोल्टेज से घरेलू उपकरण जलने की घटनाओं से वार्डवासियों में आक्रोश

चिड़ावा, 23 जून: शहर में जारी उमस भरी गर्मी के बीच बिजली विभाग की लापरवाही ने नागरिकों की परेशानी और बढ़ा दी है। लगातार हो रही विद्युत कटौती और बेहद कम वोल्टेज के कारण कई वार्डों में घरेलू बिजली उपकरणों के जलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है बल्कि आमजन में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।

ताजा मामला वार्ड नंबर 13 का है, जहां बेहद कम वोल्टेज में आई बिजली से कई घरों में पंखे, टीवी और कूलर जैसे उपकरण खराब हो गए। इस घटनाक्रम से नाराज वार्डवासियों ने विद्युत विभाग से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।

स्थानीय निवासियों अनीता शर्मा, मुन्नी देवी, कंचन सैनी, ललिता सैनी, विमला सैनी, सरोज स्वामी, द्रौपदी सैनी और संतरा देवी ने बताया कि बिजली सप्लाई न केवल अनियमित है बल्कि जिस वोल्टेज में दी जा रही है, उससे रोजमर्रा के उपकरण चलना भी मुश्किल हो गया है। नागरिकों का कहना है कि इस समस्या की मुख्य वजह वार्ड में लगी पुरानी और जगह-जगह से क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनें हैं, जिन्हें तत्काल बदला जाना चाहिए।

मामले में जानकारी मिलने के बाद एईएन मायालाल ने वार्ड का निरीक्षण किया और केबल को बदलने तथा विद्युत आपूर्ति को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि विभाग जल्द ही आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करेगा ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!