चनाना में ऐतिहासिक फैसला: वैद्य गिरधारीलाल जोशी के नाम पर मार्ग, विधायक राजेंद्र भांबू ने किया लोकार्पण

चिड़ावा: पंचायत समिति चिड़ावा क्षेत्र की चनाना ग्राम पंचायत में सोमवार को एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण देखने को मिला, जब प्रभु केडिया की दुकान से लेकर राजकीय भगवान दास चिकित्सालय तक के मार्ग का नामकरण क्षेत्र के प्रख्यात वैद्य गिरधारीलाल जोशी के नाम पर किया गया। इस अवसर पर झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू और चिड़ावा पंचायत समिति के कार्यवाह प्रधान रोहिताश्व सिंह धांगड़ ने मार्ग नामकरण पट्टिका का विधिवत लोकार्पण किया। यह आयोजन न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूती देने वाला रहा, बल्कि सामाजिक सेवा के प्रति सम्मान की भावना को भी सशक्त करता नजर आया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता चिड़ावा पंचायत समिति के कार्यवाह प्रधान रोहिताश्व सिंह धांगड़ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश कार्यालय सह-प्रभारी रजनीश चनाना और भाजपा नेता विशम्बर पूनिया उपस्थित रहे। समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी ने कार्यक्रम को सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण बना दिया।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि वैद्य गिरधारीलाल जोशी कई दशकों तक क्षेत्र में चिकित्सा सेवा का पर्याय रहे और एक कुशल वैद्य के साथ-साथ शिक्षक के रूप में भी समाज को दिशा दी। उन्होंने कहा कि इस मार्ग का नामकरण आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान की याद दिलाता रहेगा। वहीं रोहिताश्व सिंह धांगड़ ने कहा कि जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं और वैद्य जोशी के नाम पर मार्ग का नामकरण उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने का प्रयास है।

मार्ग का नामकरण किए जाने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे सामाजिक सम्मान का प्रतीक बताया। रजनीश चनाना ने सभी अतिथियों का आभार जताते हुए गांव के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने मार्ग स्वीकृति में सहयोग के लिए पूर्व प्रधान कैलाश मेघवाल का भी धन्यवाद किया। समारोह के दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने विधायक राजेंद्र भांबू और रोहिताश्व सिंह धांगड़ का साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया।

इस अवसर पर पूर्व सरपंच सुरेंद्र चनाना, जितेन्द्र जोशी, सेवानिवृत्त अकाउंट्स ऑफिसर सुरेन्द्र जोशी, रणवीर डूडी, बुकना, दिलीप नायक, राधाकृष्ण केडिया, आदित्य मित्तल, शिक्षक नेता राजकुमार मुंड, रणजीत सिंह चौहान, जितेंद्र सोनी, रामकिशन मीणा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य सुरेश बड़सरा, सुभाष, रविंद्र नेहरा, पूरणमल मोदी और लीलाधर मित्तल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति और युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!