झुंझुनूं: चनाना के चनाना पब्लिक स्कूल में आज 14 सितंबर को 69वीं जिला स्तरीय 17 व 19 वर्षीय छात्रा कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. रामकुमार सिंह, प्राचार्य नेतराज मगराज टीबरेवाल राजकीय महाविद्यालय झुंझुनूं ने ध्वजारोहण कर किया।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता डॉ. जयपाल लांबा, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी चनाना ने की। विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती खजानी ओला, प्रतियोगिता संयोजक श्रीमती अनीता कादयान, रणवीर झाझडिया, संस्था सचिव चुन्नीलाल मूंड, सुरेश बड़सरा, रिशाल सिंह पायल, प्रकाश सिंह, रघुवीर सिंह, मनोज नेहरा और सुभाष चंद्र मौजूद रहे। प्रतियोगिता पर्यवेक्षक सुशीला मूंड ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्य अतिथि डॉ. रामकुमार सिंह ने छात्राओं को खेल को खेल भावना से खेलने और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कबड्डी जैसे खेल युवाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को विकसित करते हैं। अध्यक्ष डॉ. जयपाल लांबा ने छात्राओं से प्रेरणा लेकर बेहतर खिलाड़ी बनने का संदेश दिया।

संस्था के प्रधानाचार्य मनजीत सिंह ने स्वागत भाषण दिया और सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। निदेशक राजकुमार मूंड ने निर्णायकों, टीम प्रभारियों और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, धैर्य और नेतृत्व क्षमता को विकसित करते हैं।
प्रतियोगिता का समापन समारोह 17 सितंबर को प्रातः 9:15 बजे होगा। मुख्य अतिथि झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू होंगे और अध्यक्षता शुभकरण चौधरी, पूर्व विधायक उदयपुरवाटी एवं लोकसभा प्रत्याशी करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विशंभर पूनिया, भाजपा नेता एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।





