गौ रक्षा की मांग को लेकर चिड़ावा में विरोध प्रदर्शन, रैली निकाल कर सौंपा गया ज्ञापन

चिड़ावा, 16 जून 2025: चिड़ावा में सोमवार को गौवंश की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर विभिन्न गौ सेवा और जागरूकता संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पहले सभी कार्यकर्ता पिलानी रोड स्थित भगीनिया जोड़ पर एकत्र हुए, जहां से एक आक्रोश रैली की शुरुआत की गई। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई उपखंड कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने गौ तस्करी और गौवंश के प्रति हो रहे अमानवीय व्यवहार के खिलाफ आवाज बुलंद की।

Advertisement's
Advertisement’s

रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने गौ माता की सुरक्षा को लेकर जोरदार नारेबाजी की और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की। उपखंड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने नायब तहसीलदार बलवीर कुलहरी को उपखंड अधिकारी के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में गौवंश के संरक्षण हेतु कई गंभीर मुद्दों को शामिल किया गया।

ज्ञापन में यह मांग की गई कि गौवंश के साथ किए जा रहे अमानवीय व्यवहार पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाई जाए और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही गौ तस्करी और गोवध की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए प्रशासन से प्रभावी योजना तैयार करने की अपील की गई। कार्यकर्ताओं ने एक विशेष टास्क फोर्स के गठन की मांग भी की, जो नियमित निगरानी रखते हुए तस्करी की गतिविधियों को रोक सके।

इसके अतिरिक्त, ज्ञापन में गौवंश की सुरक्षा हेतु एक विशेष निगरानी दल के गठन की बात कही गई, जो संवेदनशील इलाकों में सक्रिय रहकर सुरक्षा सुनिश्चित करे। मृत गौवंश के निस्तारण को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई और मांग की गई कि नगर पालिका प्रशासन इसके लिए पृथक व्यवस्था करे, ताकि उन्हें खुले में ना छोड़ा जाए। भगीनिया जोड़ स्थित डंपिंग यार्ड की तारबंदी कर गौवंश को वहां जाने से रोकने की मांग भी उठाई गई।

Advertisement's
Advertisement’s

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र ही गौ रक्षा से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को जिला स्तर पर व्यापक किया जाएगा। नायब तहसीलदार ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार कर उचित कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!