पिलानी: चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने आज पिलानी में विक्रेताओं से बेकरी, मावा, घी के 6 नमूने लिये। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री के विक्रेताओं में हड़कम्प मंच गया।
सीएमएचओ डॉ. राजकुमार डांगी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त व जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा टीम ने कार्रवाई करते हुए कस्बे के रामदेव जी पेड़ेवाला और विजय बेकरी से मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री के कुल 6 नमूने लिये हैं। डॉ. डांगी ने बताया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की आज की कार्रवाई का उद्देश्य यही है कि खाने-पीने की सामग्री में किसी तरह की मिलावट ना हो।
पिलानी में सैम्पल कलेक्शन की उक्त कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेन्द्र सिंह व लालू यादव द्वारा की गई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संगृहीत किये गए नमूनों को अब राजकीय केंद्रीय जन स्वास्थ्य लैब जयपुर व चूरू में जमा करवाया जायेगा उनकी जांच की जाएगी, और लैब से इन खाद्य-पदार्थों की रिपोर्ट प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को खाद्य सुरक्षा आयुक्त इकबाल खान ने सभी एफएसएफओ को मिलावट के खिलाफ़ कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए थे। खाद्य सुरक्षा आयुक्त और जिला कलेक्टर के निर्देश के बाद आज पिलानी में कार्रवाई की गई है।






