जयपुर, राजस्थान: क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज सिंह शेखावत ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों पर कुल 2 करोड़ 44 लाख रुपए का इनाम घोषित कर नया विवाद खड़ा कर दिया है। शेखावत ने आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्त अनमोल बिश्नोई, गोल्डी बरार, रोहित गोदारा, संपत नेहरा और वीरेंद्र चारण के खिलाफ इनामी घोषणा की है। शेखावत ने बयान दिया कि जो कोई व्यक्ति इन आतंकियों का खात्मा करेगा, उसे नियमानुसार इनामी राशि प्रदान की जाएगी।
घोषित इनामी राशि का ब्योरा
- अनमोल बिश्नोई: 1 करोड़ रुपए
- गोल्डी बरार: 51 लाख रुपए
- रोहित गोदारा: 51 लाख रुपए
- संपत नेहरा: 21 लाख रुपए
- वीरेंद्र चारण: 21 लाख रुपए
शेखावत ने इस पहल का उद्देश्य देश को आतंकवाद और भय से मुक्त बनाना बताया। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय करणी सेना की यह घोषणा उन आतंकियों के विरुद्ध एक चेतावनी है जो आतंकी गतिविधियों को अंजाम देते हैं। इससे पहले, शेखावत ने लॉरेंस बिश्नोई का एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मी को 1 करोड़ 11 लाख 11 हजार 111 रुपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी।
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत का बयान
इस बीच, दिवंगत सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत ने राज सिंह शेखावत के इस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी। शीला ने स्पष्ट किया कि राज सिंह शेखावत राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष नहीं हैं; इसके संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ही थे और आजीवन रहेंगे। शीला का कहना है कि गोगामेड़ी को चाहने वालों की संख्या करोड़ों में है और कौन किस प्रकार की घोषणा करता है, यह उन पर निर्भर है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार उन्हें न्याय नहीं दिला पाती है, तो वे अपने तरीके से न्याय प्राप्त करेंगे।
शीला ने सरकार को एक साल का समय देते हुए चेतावनी दी कि गोगामेड़ी की हत्या को एक वर्ष होने को है और अब भी अगर न्याय नहीं मिला, तो वह सड़कों पर उतरेंगी और भूख हड़ताल का सहारा लेंगी। उनका कहना है कि करणी सेना के अध्यक्ष को ही न्याय नहीं मिलेगा, तो आम जनता का क्या होगा।
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या का प्रकरण
5 दिसंबर 2023 को जयपुर के श्याम नगर इलाके में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेवा के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। इसके अलावा 12 अक्टूबर को मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान के कार्यालय के बाहर भी उनकी हत्या कर दी गई थी, जिसके पीछे भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ माना जा रहा है। यह गैंग पिछले कुछ समय से अभिनेता सलमान खान की हत्या की धमकी भी दे चुका है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में अलर्ट जारी किया गया है।