झुंझुनूं: जिले के पचेरी कलां थाना क्षेत्र में कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसमें चन्द्रभान नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया है।

ढाणी भालोठ निवासी रमेश कुमार ने रिपोर्ट में बताया कि 20 नवंबर 2025 को करीब शाम 4 बजे राजेश और उसके पिता जीवणाराम ने पहले ट्रैक्टर चलाकर उसके भाई चन्द्रभान को कुचलने की कोशिश की, लेकिन वह बच गया। इसके बाद राजेश ने ट्रैक्टर में रखी कुल्हाड़ी से उस पर लगातार 2–3 वार कर दिए। हमले में चन्द्रभान के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे बुहाना अस्पताल ले जाया गया।

बुहाना से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल चन्द्रभान को झुंझुनूं जिला अस्पताल रेफर किया। वहां भी रिज़र्व डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए तुरंत SMS ट्रॉमा सेंटर जयपुर भेज दिया। वर्तमान में चन्द्रभान ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है और हालत बेहद नाज़ुक बनी हुई है।

झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश थाना अधिकारी बनवारीलाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी राजेश को तलाश कर पूछताछ की। पूछताछ में राजेश ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ जारी है।

गिरफ्तार राजेश, उम्र 38 वर्ष, जाति जाट, निवासी ढाणी भालोठ, के खिलाफ पहले भी 3 मामले दर्ज हैं। यह जानकारी सामने आने के बाद पुलिस उसे लगातार रिमांड पर लेकर मामले की तह तक जाने की तैयारी कर रही है।

इस कार्रवाई में थाना अधिकारी बनवारीलाल के साथ शीशराम, पूर्णमल, सुनिल और कमलेश ने अहम भूमिका निभाई। टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए और कार्रवाई को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!