काजड़ा जीएसएस में पक्षियों के लिए बांधे परिण्डे, गर्मी में पक्षियों के संरक्षण का संकल्प भी लिया
भीषण गर्मी में बेजुबान परिन्दोंं के लिए सूरजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत काजड़ा के जीएसएस में आज परिण्डे बांधे गए।
कांगड़ा सरपंच मंजू तंवर व संदीप सैनी के नेतृत्व में विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने पच्चीस परिण्डे लगाकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की और गर्मियों में पक्षियों के संरक्षण की शपथ भी ली। जीएसएस कर्मचारियों ने इस अवसर पर परिसर में पौधे भी लगाए।
सरपंच मंजू तंवर ने कहा कि प्रत्येक ग्रामवासी को आप लोगों पर गर्व है कि आपने पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके लिए दाना-पानी की व्यवस्था की। जीएसएस की कर्मठ टीम ने जीएसएस में पेड़-पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में जो सहयोग प्रदान किया है, यह अनुपम उदाहरण है। प्रत्येक राजकीय एवं निजी संस्थाओं सहित आम आदमी को भी ऐसे कार्यों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
आपको बता दें कि भीषण गर्मी में दाने-पानी के अभाव में कई पक्षी काल का ग्रास बन जाते हैं, ऐसे पक्षियों को बचाने के लिए जीएसएस पर परिण्डे बांधने की शुरुआत की गई है।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता मनजीत सिंह तंवर, विजय सिंह, रविन्द्र कुमार, दलीप कुमार सहित जीएसएस के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

