चिड़ावा: क्षेत्र में गुरुवार रात एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई, जहां कर्ज के बोझ से परेशान एक अधेड़ व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी और एक बार फिर आर्थिक दबाव और कर्ज के कारण बढ़ती आत्महत्याओं पर सवाल खड़े कर दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरजगढ़ तहसील के गांव रामरख की ढाणी निवासी विनोद पुत्र श्रीचंद पूनिया (50 वर्ष) ने रात करीब 9 बजे मावंडियो की ढाणी के पास ट्रेन नंबर 19808 सिरसा-कोटा के आगे आकर आत्महत्या कर ली।

मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट में उसने डेयरी संचालन में हुए भारी नुकसान और बैंक कर्ज नहीं चुका पाने की पीड़ा को व्यक्त किया है। नोट में लिखा गया है कि बैंक कर्मचारियों द्वारा लगातार दबाव बनाए जाने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था।
मृतक की जेब से एचडीएफसी बैंक का एक नोटिस भी मिला, जिसमें 31 लाख 11 हजार 383 रुपए की बकाया राशि जमा कराने की मांग की गई थी। यह कर्ज उसने रामरख की ढाणी (उधमपुरा) स्थित अपने मकान को गिरवी रखकर लिया था।

घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा थाने से एएसआई ओमप्रकाश नरुका और कांस्टेबल अंकित राव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन चिड़ावा रेलवे स्टेशन पहुंचे। मृतक के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। शव को चिड़ावा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां आज पोस्टमार्टम किया जाएगा।




