चिड़ावा: शहर के खेतड़ी रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर मंगलवार रात करीब 8 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक ओवरहाइट कंटेनर जैसे ही क्रॉसिंग पार करने लगा, चालक को अंदाजा हुआ कि कंटेनर की ऊंचाई ज्यादा है और वह लोहे की गाटर के नीचे से नहीं निकल सकता। इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और कंटेनर बीच रास्ते में फंस गया।
तकनीकी खराबी ने बढ़ाई परेशानी, दोनों ओर लगा लंबा जाम
कंटेनर चालक ने वाहन को वापस मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कंटेनर का हब टूट गया। हब टूटते ही कंटेनर सड़क पर तिरछा फंस गया, जिससे दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस और जेसीबी की मदद से एक घंटे बाद खुला रास्ता
सूचना मिलते ही चिड़ावा थाने से कैलाश चन्द्र और ओमप्रकाश नरुका मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने स्थिति को संभालते हुए जेसीबी की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कंटेनर को सड़क से हटवाया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सुचारु किया गया और लोगों ने राहत की सांस ली।
ओवरहाइट वाहनों पर नियंत्रण की मांग तेज
इस घटना ने शहर में ओवरहाइट वाहनों की आवाजाही और ट्रैफिक प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन इस तरह की घटनाएं भविष्य में बड़ा खतरा बन सकती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।





