नई दिल्ली: पेरिस ओलंपिक में दो ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली भारतीय निशानेबाज मनु भाकर अब विज्ञापन जगत की नई सनसनी बन गई हैं। ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन के बाद मनु भाकर के पास विज्ञापनों के ऑफर की बाढ़ सी आ गई है। देश के कई नामचीन ब्रांड मनु भाकर को अपने उत्पादों का प्रचार करने के लिए तैयार हैं।

40 से अधिक ब्रांडों ने भेजे ऑफर

सूत्रों के मुताबिक, मनु भाकर की मैनेजमेंट कंपनी को अब तक 40 से अधिक ब्रांडों से विज्ञापन के प्रस्ताव मिल चुके हैं। इनमें ई-कॉमर्स कंपनियां, स्किनकेयर उत्पाद बनाने वाली कंपनियां और कई अन्य बड़े ब्रांड शामिल हैं। इस भारी मांग के चलते मनु भाकर की फीस में भी जबरदस्त इजाफा हुआ है। अब मनु भाकर प्रति एंडोर्समेंट 20-25 लाख रुपये की जगह 6 से 7 गुना अधिक फीस ले रही हैं।

करोड़ों रुपये के नकद इनाम के अलावा विज्ञापनों से भी होगी अच्छी कमाई

ओलंपिक में जीत के बाद मनु भाकर को लाखों-करोड़ों रुपये के नकद इनाम मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा विज्ञापनों से भी उनकी कमाई में जबरदस्त इजाफा होने की उम्मीद है। हालांकि, विज्ञापनों से उनकी कुल कमाई का आंकड़ा अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

मनु भाकर ने कहा, ‘मैं सिर्फ निशानेबाजी पर ध्यान दूंगी’

इतनी शोहरत और इतने पैसे को कैसे संभालेंगी, इस सवाल पर मनु भाकर ने कहा, “मैं यह सब (प्रसिद्धि और धन) संभालने के बारे में नहीं जानती। मुझे लगता है कि मैं सिर्फ अपनी निशानेबाजी और इसके आसपास की अन्य दिनचर्या पर ही टिकी रहूंगी। भगवान आपको जो देता है उसे स्वीकार करें और जो आपके पास है उससे लोगों की मदद करने का प्रयास करें।”

अगले तीन महीने भारतीय व्यंजन खाना खायेंगी मनु भाकर

मनु भाकर ने पीटीआई से बात करते हुए बताया, “अभी मैं अगले तीन महीनों तक सिर्फ तरह-तरह के भारतीय पकवान खाना चाहती हूं। मुझे नहीं लगता कि जसपाल सर मुझे सुबह देर तक सोने देंगे। मैं खूब खाऊंगी लेकिन यह भी सुनिश्चित करूंगी कि मैं वर्कआउट भी करूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!