झुंझुनूं, 16 अक्टूबर 2024: झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र (27) में 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए 2,74,533 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,42,708 पुरुष, 1,31,820 महिलाएं और 5 थर्ड जेंडर शामिल हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 2,541 है, जिनमें 1,772 पुरुष और 769 महिलाएं शामिल हैं। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 263 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 178 ग्रामीण और 85 शहरी मतदान केन्द्र हैं। 14 मतदान केन्द्रों पर 1,450 से अधिक मतदाता होने के कारण सहायक मतदान केन्द्र भी प्रस्तावित हैं।
मतदान केन्द्रों की विशेष व्यवस्थाएं
जिला निर्वाचन अधिकारी रामावतार मीणा ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 132 मतदान केन्द्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की जाएगी। उपचुनाव में 26 ग्रामीण और 23 शहरी मतदान केन्द्रों सहित कुल 49 मतदान केन्द्र संवेदनशील माने गए हैं।
महिला, युवा और विशेष थीम वाले मतदान केन्द्र
महिला प्रबंधित मतदान केन्द्रों की सूची में परमवीर पीरू सिंह राउमावि का बायां भाग, प्राइमरी सेक्सन, जे.के. मोदी राबाउमावि का बायां भाग, जिला परिषद कार्यालय का दायां भाग, महर्षि दयानंद बालिका महाविद्यालय, और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) का बायां और दायां भाग शामिल हैं। युवा प्रबंधित मतदान केन्द्रों में आदर्श बाल निकेतन उमावि, रा.उ.प्रा. विधालय मौहल्ला नायकान, और जे.बी. शाह गर्ल्स कॉलेज का दायां भाग शामिल है।
विशेष थीम पर मतदान केन्द्रों का चयन
मतदान केन्द्रों का चयन विभिन्न थीमों के आधार पर किया गया है, जैसे:
- आर्मी थीम: महात्मा गांधी रावि मध्य भाग चनाना, भडौंदा कलां
- शेखावाटी कल्चर थीम: स्वतंत्रता सेनानी रिछपाल राम राउमावि का बायां भाग कासिमपुरा
- स्पोर्ट्स थीम: पीरामल बाउमावि अंग्रेजी माध्यम का बायां भाग बगड
- ग्रीन थीम: जे.बी. शाह गर्ल्स कॉलेज का बायां भाग झुंझुनू
प्रेस वार्ता में उपस्थित अधिकारी
इस प्रेस वार्ता में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार आर्य, जिला परिषद सीईओ कैलाश चन्द्र, पीआरओ हिमांशु सिंह, एपीआरओ विकास चाहर, और कई मीडियाकर्मी शामिल रहे।