उदयपुरवाटी में बिजली डीपी तेज धमाके के साथ फटी, युवक बाल-बाल बचा, धमाके का भयावह वीडियो आया सामने

उदयपुरवाटी: कस्बे में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया जब बिजली पावर हाउस के पास स्थित थ्री फेज डीपी अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गई। यह घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जिसका वीडियो एक नजदीकी सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना स्थल के पास स्थित एक मारुति शोरूम के बाहर एक युवक मोबाइल पर बातचीत करते हुए टहल रहा था। जैसे ही वह डीपी के पास पहुंचा, तभी जोरदार धमाके के साथ उसमें ब्लास्ट हो गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि धमाका इतना तेज था कि आग की लपटें कई फीट दूर तक फैलती हुई नजर आईं। गनीमत रही कि युवक कुछ ही कदम की दूरी पर था, जिससे वह समय रहते पीछे हट गया और कोई नुकसान नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाके के वक्त आसपास यूवक के अलावा कोई और मौजूद नहीं था जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। डीपी में ब्लास्ट कैसे हुआ, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन माना जा रहा है कि ओवरलोडिंग या तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ होगा।

इस घटना के बाद कस्बे में बिजली आपूर्ति भी कुछ समय के लिए बाधित रही। लोगों ने विभाग से मांग की है कि खराब डीपी और खुले बिजली उपकरणों की समय रहते मरम्मत की जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

बिजली विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जबकि वीडियो वायरल होने के बाद लोग लगातार प्रशासन और बिजली विभाग से जवाबदारी तय करने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!