झुंझुनूं: जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे से भरे ट्रक को जब्त कर लिया। उदयपुरवाटी थाना क्षेत्र के सीकर-कोटपूतली स्टेट हाईवे पर ताल स्टैंड के पास यह कार्रवाई हुई। ट्रक से 100 से ज्यादा कट्टे बरामद हुए, जिनमें अनुमानित 10 क्विंटल से अधिक गांजा भरा था
गोपनीय सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों को गुप्त जानकारी मिली थी कि गांजे से लदा ट्रक नीमकाथाना से उदयपुरवाटी की ओर आ रहा है। नवलगढ़ डीएसपी राजवीर सिंह ने उदयपुरवाटी थाना पुलिस के साथ मंडावरा से ताल तक हाईवे पर निगरानी शुरू कर दी। रात में ही ट्रक को रोककर जांच की गई तो गांजे के कट्टे बरामद हुए।
ड्राइवर और खलासी हिरासत में
जांच के दौरान ट्रक ड्राइवर और खलासी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने तत्काल ट्रक से बरामद कट्टों को तौलने के लिए कांटा मंगवाया। अभी तक आधिकारिक मात्रा का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन अधिकारियों का मानना है कि यह 10 क्विंटल से अधिक है।
राजस्थान की सबसे बड़ी कार्रवाई बताई
कार्रवाई के दौरान डीएसपी राजवीर सिंह, उदयपुरवाटी थाने के प्रभारी कस्तूर वर्मा और पुलिस टीम मौजूद रही। राजवीर सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई राजस्थान की सबसे बड़ी में से एक है। कार्रवाई पूरी होने के बाद एसपी प्रेसवार्ता कर विस्तृत जानकारी देंगे।





