उदयपुरवाटी: कस्बे में भव्य भगवा रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के सानिध्य में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और सर्व समाज के लोग शामिल हुए। रैली ने पूरे कस्बे को भगवामय कर दिया और हर ओर जयकारों की गूंज सुनाई दी।

रैली के दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन और महाकाल के डमरू की गूंज ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शिव बारात, अघोरी तांडव और बाहुबली हनुमान की आकर्षक झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा। दादू पंथी अखाड़े के साधु-संतों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक करतब दिखाकर माहौल को और भी रोमांचक बना दिया।

रैली के दौरान सनम भाई किन्नर का विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हर पड़ाव पर जयकारों से माहौल गूंजता रहा।

रैली की शुरुआत दोपहर 3 बजे आदर्श विद्या मंदिर परिसर से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद बस स्टैंड, शाकंभरी गेट, किसान धर्म कांटा, सब्जी मंडी, तीन नंबर चुंगी और जांगिड़ कॉलोनी होते हुए शाम 7 बजे पुनः वहीं पहुंचकर संपन्न हुई।

रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

इस भव्य रैली में कांग्रेस, भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। समाजसेवियों द्वारा जगह-जगह ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक और जूस की निशुल्क व्यवस्था की गई। आसपास के गांवों से भी हजारों लोग रैली देखने पहुंचे और घंटों तक झांकियों का आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!