उदयपुरवाटी: क्षेत्र में एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। खंडेला विधानसभा क्षेत्र के कोटड़ी इलाके में गोपी की ढाणी के पास तेज रफ्तार और सवारी से भरी लोक परिवहन बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में दर्जनों यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह लोक परिवहन बस जयपुर की ओर से आ रही थी और क्षमता से अधिक सवारियां भरी हुई थीं। कोटड़ी के समीप गोपी की ढाणी के पास बस चालक ने एक ओवरलोड ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। पलटते ही बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। कुछ ही देर में पुलिस और 108 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए खंडेला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग हादसे की प्रमुख वजह सामने आ रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।
सूत्रों के मुताबिक इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन बड़ी संख्या में यात्रियों को चोटें आई हैं। यह घटना एक बार फिर लोक परिवहन व्यवस्था, बसों की ओवरलोडिंग और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े करती है।





