असम पुलिस ने मारी बड़ी मछली, 210 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
गुवाहाटी: असम पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 21 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 210 करोड़ रुपये है। पुलिस ने इस सिलसिले में एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के एक संयुक्त अभियान में असम और कछार जिला पुलिस ने की। पुलिस महानिरीक्षक (एसटीएफ) पार्थ सारथी महंत और कछार के पुलिस अधीक्षक नुमल महत्ता के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम ने गुरुवार रात सिलचर पुलिस स्टेशन के तहत सईदपुर इलाके में पंजीकरण संख्या एमजेड-01-7204 वाले वाहन को रोका।
तलाशी के दौरान, टीम ने वाहन से 21 किलोग्राम से अधिक हेरोइन (शुद्ध रूप) बरामद की। पुलिस महानिरीक्षक (एसटीएफ) पार्थ सारथी महंत ने कहा, “यह हेरोइन अंतरराष्ट्रीय बाजार में कम से कम 210 करोड़ रुपये की है।”
इसके साथ ही, पुलिस ने वाहन में सवार एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया, “हमें 10 दिन पहले सूचना मिली थी कि पड़ोसी राज्य से ड्रग्स की एक बड़ी खेप मुख्य भूमि पर लाई जाएगी, जहां से इसे दो बड़े शहरों में सप्लाई किया जाएगा।”
उन्होंने कहा, “हमने वाहन भी जब्त कर लिया है, जो पड़ोसी राज्य से आ रहा था। आगे की जांच जारी है।”
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस ऑपरेशन के लिए पुलिस बल की प्रशंसा करते हुए कहा, “नशा मुक्त असम की दिशा में एक बड़े कदम में, एसटीएफ असम और कछार पुलिस के संयुक्त अभियान में सिलचर में 21 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और आपूर्ति ग्रिड को तोड़ने के लिए जांच चल रही है, बहुत बढ़िया, असम पुलिस।”