अलकनंदा नदी में गिरी बस, एक की मौत, 7 को किया रेस्क्यू, 11 यात्री अब भी लापता, तेज बहाव बना चुनौती

उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग जिले के घोलतीर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरी। जानकारी के अनुसार बस में कुल 18 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया गया।

रेस्क्यू अभियान के तहत अब तक सात यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 11 अन्य लोग अभी भी लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि तेज बहाव और वर्षा के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाई हो रही है। हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु की पुष्टि की गई है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

बीते कुछ दिनों से केदारनाथ और रुद्रप्रयाग क्षेत्र में भारी बारिश के चलते नदी-नालों में जलस्तर काफी बढ़ गया है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि बस के नदी में गिरने के बाद कई यात्री तेज बहाव में बह गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और स्थानीय प्रशासन के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

घटनास्थल पर जुटे अधिकारियों और प्रशासनिक अमले के अनुसार लापता लोगों को जल्द ढूंढने के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे ने इलाके में गहरी चिंता और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!