पिलानी: सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। बिरला एजुकेशन ट्रस्ट के उपनिदेशक (प्रशासन एवं विधि) अजय कुमार अग्रवाल को अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद अग्रवाल समाज, शिक्षा जगत और विभिन्न सामाजिक संगठनों में खुशी का माहौल है।

अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन ने अजय कुमार अग्रवाल की सामाजिक सेवाओं, प्रशासनिक अनुभव और समाज हित में किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ राष्ट्रीय स्तर पर समाज को मिलेगा।

जानकारी के अनुसार संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल, नई दिल्ली तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल, इंदौर की अनुशंसा और निर्देशानुसार अजय कुमार अग्रवाल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया।

नियुक्ति की घोषणा के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों और अग्रवाल समाज के लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

अजय कुमार अग्रवाल का पेशेवर जीवन विविध अनुभवों से जुड़ा रहा है। बिरला शिक्षण संस्थान से जुड़ने से पहले वे दिग्जाम लिमिटेड में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा फिंक्वेस्ट फाइनेंशियल सॉल्यूशन लिमिटेड में वरिष्ठ सलाहकार तथा अदविका ऐजिस सर्विसेज एलएलपी के फाउंडर डायरेक्टर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

उनका अनुभव शिक्षा, प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन और सामाजिक सेवा जैसे कई क्षेत्रों में फैला हुआ है।

अजय कुमार अग्रवाल लंबे समय से अग्रवाल समाज और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे अग्रवाल समाज के शहर प्रमुख, अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की गुजरात इकाई के उपाध्यक्ष (2014-15) तथा गुजरात प्रदेश अग्रवाल महासभा के महामंत्री के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

इसके अलावा उन्होंने लायंस क्लब इंटरनेशनल 3232J में डीसीटी (2020-21), लायंस क्लब इंटरवेंशन जामनगर (ईस्ट) के डायरेक्टर तथा शिशु विहार हिंदी हाई स्कूल के ट्रस्टी के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्तमान में वे ASVPT गुजरात के ट्रस्टी होने के साथ-साथ अग्रसेन धाम ट्रस्ट गुजरात में ट्रस्टी एवं मंत्री के पद पर कार्यरत हैं।

समाजसेवा, शिक्षा और प्रशासनिक क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।




