अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक अजय सिंह शेखावत का विश्व व राष्ट्रमंडल खेलों के लिए चयन, झुंझुनूं जिले के खुड़ोत गांव के खिलाड़ी ने किया देश और सेना का नाम रोशन

झुंझुनूं: जिले के खुड़ोत गांव के निवासी और महाराणा प्रताप अवार्ड से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन खिलाड़ी अजय सिंह शेखावत का चयन आगामी विश्व भारोत्तोलन प्रतियोगिता और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए हुआ है। यह उपलब्धि उन्होंने हाल ही में 29 और 30 जून को साईं एनआईएस पटियाला में आयोजित चयन ट्रायल्स में 88 किलो भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्राप्त की। अजय ने ट्रायल में स्नैच में 148 किलो और क्लीन एंड जर्क में 186 किलो, कुल 334 किलो भार उठाकर पहला स्थान हासिल किया। यह प्रदर्शन उनके पिछले रिकॉर्ड 321 किलो (देहरादून में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों 2025) से कहीं बेहतर रहा।

अजय सिंह भारतीय सेना की 21वीं राजपूताना राइफल में सूबेदार के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में सेना खेल संस्थान पुणे में प्रशिक्षणरत हैं। वे लेफ्टिनेंट कर्नल विक्रम सिंह जामवाल के नेतृत्व में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने न केवल अपनी व्यक्तिगत उपलब्धियों से देश का नाम रोशन किया, बल्कि प्रशिक्षण के माध्यम से अन्य खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।

अजय की खेल यात्रा की शुरुआत वर्ष 2009 में सेना खेल संस्थान पुणे से हुई थी, जब उन्होंने बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी की एथलेटिक्स टीम में प्रवेश लिया। उनके कौशल को पहचानते हुए स्लोवाकिया के अंतरराष्ट्रीय कोच जुराग गबाला ने उन्हें भारोत्तोलन की दिशा में प्रशिक्षित किया। इसके बाद भारतीय भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष सहदेव यादव ने उन्हें नेशनल कोचिंग कैंप में प्रवेश दिया, जहां उन्हें द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित राष्ट्रीय कोच विजय शर्मा से प्रशिक्षण प्राप्त हुआ।

अब तक अजय सिंह शेखावत ने कुल 62 पदक जीते हैं, जिनमें 14 अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण, 37 राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के स्वर्ण, 7 सर्विस स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें भारत की भारोत्तोलन टीम में एक स्थायी और महत्वपूर्ण खिलाड़ी के रूप में स्थापित कर दिया है। अब उनका चयन नार्वे में 2 से 11 अक्टूबर 2025 तक होने वाली विश्व भारोत्तोलन प्रतियोगिता और 23 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए किया गया है।

झुंझुनूं जिला भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह शेखावत ने अजय के इस चयन की पुष्टि की और इसे जिले के लिए गौरव की बात बताया। वहीं, इस उपलब्धि पर सुमित्रा झाझड़िया, दिपेन्द्र बुडानिया, अजय प्रेमी, प्रमेन्द्र कुल्हार, प्रतिभा, राजेश ओला, मालीराम, सुरेश कुमार, विजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह और अकुर शर्मा सहित जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। अजय के निरंतर प्रदर्शन ने उन्हें ओलंपिक की संभावित सूची में भी शामिल कर दिया है, जिससे आने वाले समय में उनसे और भी बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!