सूरजगढ़: थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना सूरजगढ़ और DST टीम की संयुक्त कार्रवाई में 10 हजार रुपये के इनामी और 15 मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर अपराधी पुरुषोत्तम उर्फ पहलवान को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर पहले से आर्म्स एक्ट के गंभीर मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस-डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं बृजेश ज्योती उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और चिड़ावा वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में सूरजगढ़ थाना पुलिस और DST टीम ने यह कार्रवाई की। टीम का नेतृत्व सीआई रणजीत सिंह ने किया, जिनकी अगुवाई में गठित पुलिस बल ने इनामी अपराधी को दबोचने में सफलता हासिल की।
22 अक्टूबर की कार्रवाई से खुला पूरा नेटवर्क
22 अक्टूबर 2025 को एचएस चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आकाश उर्फ शूटर और उसका एक साथी बजाज पल्सर बाइक से ढाणी श्यामा से दोबड़ा की ओर आ रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मिठिया जोहड़ी, दोबड़ा क्षेत्र में घेराबंदी की और दोनों युवकों को रोका।
जांच के दौरान आकाश उर्फ शूटर, निवासी दोबड़ा, के पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ, जबकि राहुल पंघाल, निवासी श्योसिंहपुरा थाना पिलानी, के पास से दो जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस मिला। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
पूछताछ में सामने आया हथियार सप्लायर का नाम
गिरफ्तार आरोपियों से की गई गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि अवैध हथियार उन्होंने पुरुषोत्तम उर्फ पहलवान से खरीदे थे। इसके बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे सूरजगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
15 आपराधिक मामलों में दर्ज है नाम
गिरफ्तार आरोपी पुरुषोत्तम उर्फ पहलवान, पिता जगदीश, निवासी दोबड़ा थाना सूरजगढ़, एक कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन धाराओं सहित कुल 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में रणजीत सिंह के साथ सरदारमल, शशिकांत, संदीप, हरिश, योगेंद्र सिंह, प्रवीण कुमार और राजकुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से टीम के कार्य की सराहना की गई है।





