सूरजगढ़: आगामी चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने, ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पुलिस व आमजन के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से बलौदा पुलिस चौकी परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य फोकस क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर रहा।
बैठक में सूरजगढ़ थाना अधिकारी रणजीत सिंह सेवदा, चिड़ावा डिप्टी विकास कुमार धिधवाल और बलौदा चौकी प्रभारी विधाधर विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को क्षेत्र में शांति बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना समय पर पुलिस तक पहुंचाने और चुनावी अवधि में अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
पुलिस प्रशासन ने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं को लेकर ग्रामीणों को सतर्क किया। अधिकारियों ने संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक, अनजान मैसेज और ओटीपी साझा न करने की सलाह देते हुए डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने बलौदा पुलिस चौकी को स्थायी रूप से स्थापित करने, पुलिस स्टाफ की संख्या बढ़ाने और नियमित गश्त को मजबूत करने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि प्रभावी पुलिस निगरानी से अपराधों पर नियंत्रण संभव है और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
बैठक में सरपंच प्रतिनिधि सज्जन कुमार सोनी, पूर्व सरपंच धनश्याम सिंह शेखावत, दिलीप सिंह शेखावत, जगमोहन पंच, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रतन सिंह चौहान, किशोर सिंह, महेश धनखड़, डालचंद सेठ, छोटूराम, मोहनलाल मेघवाल, नरेश कुमार बालोदिया, भाताराम धनखड़, सुभाष कुमार, मुकेश कुमार शर्मा, बजरंग सोलंकी, उमेद सिंह शेखावत, मनेन्द्र सिंह शेखावत, रमेश प्रजापत, रामकिशन वाल्मीकि, सरपंच सुखवीर लौहान (महपालवास), नरेश अहलावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और स्थायी शांति संभव है।





