मुकुंदगढ़: कस्बे में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज ATM लूट की कोशिश को पुलिस ने ऐन वक्त पर नाकाम कर दिया। बदमाशों ने एक्सिस बैंक के एटीएम को उखाड़कर ले जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 20 लाख रुपये कैश से भरा एटीएम पूरी तरह सुरक्षित बचा लिया गया।

मंडी से झुंझुनूं रोड पर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को बीती रात करीब डेढ़ बजे बदमाशों ने निशाना बनाया। ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार होकर आए बदमाशों ने सबसे पहले एटीएम परिसर में लगे सुरक्षा कैमरों पर काला स्प्रे कर दिया। इसके बाद मोटी रस्सी बांधकर स्कॉर्पियो की मदद से एटीएम मशीन को एक झटके में उखाड़ लिया गया।

एटीएम को उखाड़ते समय कमरे के शीशे टूट गए, जिससे तेज आवाज हुई। आसपास रहने वाले लोगों ने शोर सुनते ही बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने गश्त कर रही टीम को तुरंत मौके पर रवाना किया।

जब पुलिस की गाड़ी एटीएम स्थल पर पहुंची, तब बदमाश एटीएम मशीन को स्कॉर्पियो में डालने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस को देखते ही वे मशीन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने मंडी, कसेरू अंडरपास और हाईवे की ओर उनका पीछा किया, लेकिन बदमाश जेजूसर की तरफ निकलकर पुलिस को चकमा देने में सफल रहे।

घटना के बाद पूरे इलाके में नाकाबंदी करवाई गई है। बैंककर्मी भी देर रात मौके पर पहुंचे और मशीन की स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि एटीएम मशीन को नुकसान जरूर पहुंचा है, लेकिन उसमें रखा पूरा कैश सुरक्षित है। यह एटीएम कैश निकालने और जमा करने, दोनों सुविधाओं से युक्त है और बुधवार को ही इसमें 20 लाख रुपये डाले गए थे।

मामले को लेकर CI ताराचंद ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। संभावित रूट्स पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।

झुंझुनूं जिले में पिछले डेढ़ महीने के भीतर ATM लूट की तीसरी नाकाम कोशिश है। इससे पहले 15 नवंबर 2025 को नवलगढ़ कस्बे में बदमाशों ने दो एटीएम लूटने का प्रयास किया था। उस मामले में पुलिस ने करीब एक महीने तक 500 किलोमीटर तक पीछा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!