चिड़ावा: माघ गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर क्षेत्र में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम 1 फरवरी 2026, रविवार को आयोजित होगा, जिसमें स्थानीय व झुंझुनूं जिले से पधारे संत-महात्मा एवं प्रसिद्ध भजन कलाकार भक्ति प्रस्तुतियां देंगे।
कार्यक्रम का आयोजन श्री सत्यनारायण भगवान मंदिर परिसर, पुरानी नेहरू बाल स्कूल के सामने, सेखसरिया हॉस्पिटल के पास, चिड़ावा में किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि इस अवसर पर श्रद्धालुओं को भक्ति, साधना और सत्संग का दिव्य अनुभव प्राप्त होगा।
भजन संध्या में ओम नाथ महाराज, विचार नाथ महाराज, अमर नाथ महाराज सहित अन्य संत-महात्माओं की उपस्थिति रहेगी। साथ ही सुप्रसिद्ध भजन गायक अपनी मधुर वाणी से भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
कार्यक्रम में महाआरती, अलौकिक श्रृंगार, तथा मनोहारी झांकियों का विशेष आकर्षण रहेगा। संतों के सान्निध्य में रात 8 बजे से भजन संध्या का शुभारंभ होगा, जबकि विशेष आरती एवं श्रृंगार कार्यक्रम शाम 6 बजे से आयोजित किए जाएंगे।
आयोजक पं. हीरालाल पुजारी ने क्षेत्रवासियों से अधिक संख्या में पहुंचकर भजन संध्या का लाभ उठाने और भगवान श्री सत्यनारायण का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। कार्यक्रम को लेकर भक्तों में उत्साह का माहौल है और आयोजन को भव्य बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं।





