झुंझुनूं: जिले के मलसीसर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉलेज छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी 19 वर्षीय हेमंत सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी ने युवती को बहला कर कैफे में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया था। इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस को दर्ज रिपोर्ट के अनुसार पीड़िता कॉलेज के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान ककडेऊ कला निवासी हेमंत सिंह उसे बहलाकर मलसीसर स्थित एक कैफे में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी युवक, युवती को अलसीसर सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने मलसीसर थाने में रिपोर्ट दी।
थानाधिकारी महेंद्र कुमार की अगुवाई में जांच आगे बढ़ाई गई और गवाहों से बयान लेकर आरोपी की तलाश तेज की गई।
लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने 27 नवंबर 2025 को हेमंत सिंह को दस्तयाब किया और अनुसंधान के बाद उसे गिरफ्त में ले लिया। आरोपी की उम्र 19 वर्ष बताई जा रही है और वह ककडेऊ कला का रहने वाला है। अब आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है और पुलिस प्रकरण में साक्ष्य जुटा रही है।
दुष्कर्म आरोपी की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वालों में थानाधिकारी महेंद्र कुमार के साथ अमर सिंह, विजय कुमार, रणवीर सिंह और राजेश कुमार शामिल रहे। पुलिस टीम ने तेजी से काम करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।




