पिलानी: विधानसभा क्षेत्र पिलानी में हाल ही में पड़े अत्यधिक पाले (शीतलहर) के कारण किसानों की फसलों को बड़ा नुकसान हुआ है। एमएलए प्रत्याशी एवं पिलानी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े भाजपा नेता राजेश दहिया ने इस गंभीर स्थिति से अवगत कराते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में बताया कि लगातार पाला पड़ने से तैयार फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं और किसानों की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है।
पत्र में राजेश दहिया ने अनुरोध किया कि पिलानी विधानसभा क्षेत्र के समस्त पटवार मंडलों में पाले से हुए फसल नुकसान की तुरंत गिरदावरी करवाई जाए। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से यह भी मांग की कि सर्वे रिपोर्ट तैयार कर नियमानुसार प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि समय पर मुआवजा मिलने से किसानों को राहत मिलेगी और आगामी फसल की तैयारी में मदद मिलेगी।
क्षेत्र के किसानों ने बताया कि खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं। इससे ग्रामीण अंचल में चिंता और आर्थिक दबाव बढ़ गया है। राजेश दहिया ने कहा कि सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द से जल्द ठोस कदम उठाना चाहिए ताकि किसानों की इस प्राकृतिक आपदा से राहत मिल सके।
राजेश दहिया ने पत्र के माध्यम से राज्य सरकार का ध्यान पिलानी क्षेत्र में किसानों की गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया है। अब प्रशासनिक स्तर पर गिरदावरी और मुआवजे की प्रक्रिया की प्रतीक्षा है। क्षेत्र के किसान आशा भरी निगाहों से देखते हैं कि सरकार समय रहते मदद करेगी।





