पचेरी कलां: थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी पिस्टल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पिस्टल को बेचने की फिराक में खड़ा था, तभी मुखबिर सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा
दिनांक 3 फरवरी 2026 को पचेरी कलां पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि पथाना रोड पर झालाना जोहड़ी क्षेत्र में एक युवक अवैध हथियार लेकर खड़ा है और उसे बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
जोहड़ी क्षेत्र में एक बंद मंदिर के पास कच्चे रास्ते पर संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जो पुलिस वाहन और जवानों को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम यशपाल उर्फ ईशु बताया, जो हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान आरोपी के पास से लोहे का एक अवैध देशी पिस्टल बरामद किया गया। जब उससे हथियार रखने का लाइसेंस या वैध अनुज्ञापत्र मांगा गया, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर पिस्टल जब्त की गई।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध पिस्टल कहां से लाई गई और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया गया है और जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।





