सिंघाना: थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब मायरा भरकर चिड़ावा लौट रही बस अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में महिलाएं, बच्चे और युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद झुंझुनूं-दिल्ली नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार गोगाजी की ढाणी चिड़ावा निवासी मोतीलाल अपने परिवार के साथ सिंघाना के ढाणा में मायरा भरकर लौट रहे थे। रात करीब दस बजे मोई सद्दा के पास अचानक बस का स्टेयरिंग फेल हो गया और वाहन तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ टूटकर हाईवे पर गिर गया।
दुर्घटना में दो बच्चों, दो महिलाओं व एक युवक को चोटें आईं, जिन्हें तुरंत चिड़ावा उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस से पहले ही ग्रामीण घायलों को निजी वाहन की मदद से अस्पताल ले गए।
पेड़ टूटकर सड़क पर गिर जाने से झुंझुनूं-दिल्ली मार्ग पर वाहनों की कतारें लग गईं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पेड़ को हटाने पर आवागमन दोबारा बहाल हो पाया।
पेड़ से जबरदस्त भिड़ंत के बाद बस का सामने का हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। हादसे की सूचना पर सिंघाना थाना से पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।





