चिड़ावा: ग्राम पंचायत खुड़िया को पंचायत समिति चिड़ावा में यथावत रखने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने खुड़िया बस स्टैंड पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण प्रदर्शन में शामिल हुए व कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने जिला मुख्यालय रवाना हुए।
इस दौरान ग्रामीणों ने भाजपा नेता राजेंद्र सिंह राठौड़ व पिलानी पंचायत सदस्य प्रतिनिधि नितिराज सिंह के खिलाफ नारेबाजी भी की। ग्रामीणों का कहना है कि खुड़िया गांव को पिलानी पंचायत समिति में मिलाकर उनके साथ अन्याय किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच के नाम ज्ञापन लिखा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने हाल ही में जारी अधिसूचना के माध्यम से ग्राम पंचायत खुड़िया को पंचायत समिति पिलानी में शामिल किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई है।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत खुड़िया का गठन वर्ष 2019 में हुआ था और अधिसूचना संख्या पं.पुर्नगठन/25/330-370 एवं पं.पुर्नगठन/25/371-81 दिनांक 06 अप्रैल 2025 के माध्यम से इसे पंचायत समिति चिड़ावा में शामिल किया गया था। निर्धारित समयावधि में किसी भी प्रकार की आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई थी। इसके बावजूद 28 दिसंबर 2025 को जारी नई अधिसूचना द्वारा ग्राम पंचायत खुड़िया को पंचायत समिति पिलानी में शामिल कर दिया गया, जिसे ग्रामीणों ने अनुचित बताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत खुड़िया पूर्व से ही प्रशासनिक, भौगोलिक और व्यवहारिक दृष्टि से पंचायत समिति चिड़ावा से जुड़ी रही है। चिड़ावा पंचायत समिति मुख्यालय की दूरी ग्राम खुड़िया से मात्र लगभग 10 किलोमीटर है, जबकि पंचायत समिति पिलानी की दूरी करीब 27 किलोमीटर पड़ती है। ऐसे में पिलानी जाने में ग्रामीणों को समय और धन दोनों की अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि ग्राम पंचायत खुड़िया की तहसील व उपखंड चिड़ावा है, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागीय व्यवस्थाएं भी चिड़ावा से ही जुड़ी हैं। ग्राम पंचायत खुड़िया के वार्डों का गठन, सीमांकन एवं नक्शे तैयार कर उपखंड कार्यालय चिड़ावा को पहले ही भेजे जा चुके हैं और उपखंड अधिकारी द्वारा नवगठित वार्डों पर आपत्तियां आमंत्रित करने संबंधी सूचना भी जारी की जा चुकी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खुड़िया चारों ओर से उन ग्राम पंचायतों से घिरी हुई है जो पंचायत समिति चिड़ावा में शामिल हैं, जबकि केवल खुड़िया को ही पंचायत समिति पिलानी में शामिल करना जनभावनाओं के विपरीत है। इससे आमजन को प्रशासनिक कार्यों के लिए अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने प्रदेश उपाध्यक्ष से मांग की कि ग्राम पंचायत खुड़िया के निवासियों की सुविधा एवं हितों को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत खुड़िया को पंचायत समिति चिड़ावा में ही यथावत रखा जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों को नहीं माना जाएगा और खुड़िया पंचायत को पिलानी पंचायत समिति में शामिल किया जाएगा तो वें आगामी चुनावों का बहिष्कार करेंगे।
पूर्व प्रधान निहाल सिंह रणवा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य राजेन्द्र बलोदा, पंचाय समिति सदस्य सुभाष योगी, नरेंद्र सिलायच, पूर्व सरपंच रघुवीर बलौदा, उपसरपंच राकेश सैनी, बन्नेसिंह राठौड़, बीरबल सिंह चौहान, कैप्टन महावीर सिंह सिलायच, राकेश एडवोकेट सहित सैंकड़ों की संख्या में ग्रामीण जिला मुख्यालय के लिए रवाना हुए।





