चिड़ावा: झुंझुनूं रोड स्थित एम.डी. ग्रुप ऑफ एजुकेशन में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित फेयरवेल पार्टी “स्मृतम-2026” भावनाओं, संस्कृति और प्रेरणा से भरा रहा। आशीर्वाद समारोह के दौरान जहां विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मंच सजाया, वहीं संस्था प्रबंधन ने विद्यार्थियों को लक्ष्य, अनुशासन और सकारात्मक सोच का संदेश दिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और प्रबंधन सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें चेयरमैन सुनील कुमार डांगी, मैनेजिंग डायरेक्टर समित डांगी, प्रबंधन सदस्य तथा समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल रहे। शुभारंभ के साथ ही पूरे परिसर में उत्साह और गरिमामयी वातावरण देखने को मिला।
फेयरवेल समारोह के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने राजस्थानी एवं पंजाबी नृत्य, लघु नाटिकाएं, एकल एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर अपनी बहुआयामी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। मंच पर प्रस्तुत हर प्रस्तुति ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
एम.डी. ग्रुप ऑफ एजुकेशन और कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने कक्षा 12 के छात्रों को उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया। वहीं कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को स्मृति-चिह्न देकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की, जिससे भावनात्मक पल देखने को मिले।
समारोह के दौरान आयोजित विशेष गतिविधियों के आधार पर मनन राठी को मिस्टर फेयरवेल और पायल जांगिड को मिस फेयरवेल चुना गया, जिन्हें मंच से सम्मानित किया गया। इस घोषणा पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाईं।

चेयरमैन सुनील कुमार डांगी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ज्ञान का कोई विकल्प नहीं होता और जीवन में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य बनाकर उस पर पूर्ण एकाग्रता आवश्यक है। मैनेजिंग डायरेक्टर समित डांगी ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल परीक्षाओं तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण चरण है। ईमानदारी, परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
संस्था प्राचार्य ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को आगामी परीक्षा परिणामों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। अंत में भोजन और तिलकार्चन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मंच संचालन रोमिल, जितेंद्र शर्मा और चेल्सी एंड पार्टी द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्था के सभी सदस्य उपस्थित रहे।





