राजस्थान कैडर की सीनियर आईपीएस ऑफिसर नीना सिंह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की डीजी बनाई गई हैं। नीना सिंह इस पद तक पहुंचने वाली पहली महिला अधिकारी हैं। नीना सिंह मूलरूप से बिहार की रहने वाली हैं। उनके पति रोहित कुमार सिंह भी राजस्थान कैडर के आईएएस ऑफिसर हैं। नीना सिंह पहले सीआईएसएफ की एडिशनल डायरेक्टर जनरल थी। अब उन्हें डीजी बनाते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की पूरी कमान दे दी गई है। केंद्रीय गृहमंत्रालय के देर रात आधिकारिक आदेश जरी कर दिए है। माना यह जा रहा था कि नीना सिंह को राजस्थान का डीजीपी बनाया जाएगा। नीना सिंह ने सीएम भजनलाल शर्मा से मुलाकात भी की थी। लेकिन अब नीना सिंह डीजीपी की रेस से बाहर हो चुकी है।
बिहार की राजधानी पटना की रहने वाली हैं
मालूम हो कि नीना सिंह मूलरूप से बिहार की राजधानी पटना की रहने वाली हैं। वो राजस्थान कैडर की आईपीएस ऑफिसर हैं। वो पहले राजस्थान की पहली महिला डीजी भी रही हैं. नीना सिंह को तेज तर्रार आईपीएस के रूप में जाना जाता है। उनके काम के लिए 2005 में उन्हें पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। नीना सिंह ने अमेरिका की हावर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। नीना राजस्थान कैडर की 1989 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं. वो अभी तक CISF में एडीजी की जिम्मेदारी संभाल रही थी। वो राजस्थान पुलिस में डीजी पद पाने वाली पहली महिला ऑफिसर हैं। इसके पहले वो केंद्र सरकार में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।आईपीएस नीना सिंह ने केंद्रीय जांच ब्यूरो में संयुक्त निदेशक के रूप में काम किया है. सीबीआई में अपने कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार विरोधी, आर्थिक अपराधों, बैंक धोखाधड़ी और खेल अखंडता से संबंधित कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच का हिस्सा रही. इसमें पीएनबी घोटाला और नीरव मोदी सहित महत्वपूर्ण मामलों की जांच का भी हिस्सा रही थीं.
नीना सिंह ने लेखन का काम भी खूब किया
प्रशासनिक कामकाज के साथ-साथ नीना सिंह ने लेखन का काम भी खूब किया है। उन्होंने अर्थशास्त्र में नोबल पुरस्कार विजेताओं, अभिजीत बनर्जी और एस्थर डुफ्लो के साथ शोध पत्रों का सह-लेखन भी किया है। वह राजस्थान राज्य महिला आयोग की सदस्य-सचिव भी थीं और महिलाओं के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए काम करती थीं। वे कोरोना महामारी के दौरान राजस्थान में प्रमुख शासन सचिव (स्वास्थ्य) की जिम्मेदारी संभाल रही थी। नीना सिंह के पति रोहित कुमार सिंह राजस्थान में विभिन्न पदों पर अहम जिम्मेदारी संभाल चुके है।