चिड़ावा: झुंझुनूं रोड स्थित नूनिया गोठड़ा मोड़ के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो कारों की आमने-सामने टक्कर के बाद तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्रेटा कार में सवार तीन लोग दिल्ली से सालासर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नूनिया गोठड़ा के निकट स्थित मोड़ पर अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अर्टिगा चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान सामने से आ रही क्रेटा और अर्टिगा कार की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तेज कि खेत में जा पहुंची क्रेटा कार
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों वाहनों की भिड़ंत बेहद तेज थी। टक्कर के बाद क्रेटा कार सड़क से नीचे उतरकर काफी दूर खेत में जाकर रुकी। हादसे में दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

दिल्ली और रेवाड़ी के तीन लोग घायल
हादसे में कुलदीप पुत्र रामधारी निवासी दिल्ली, सुधीर पुत्र मायादीन निवासी रेवाड़ी तथा लक्ष्मण दास पुत्र ज्ञानचंद निवासी रेवाड़ी घायल हो गए। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस पायलट मनेंद्र सिंह और ईएमटी अंकित निर्मल ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए चिड़ावा उप जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार और मोड़ पर बरती गई लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।

पहले भी हादसों का गवाह रहा है यह मोड़
स्थानीय लोगों का कहना है कि नूनिया गोठड़ा के पास स्थित यह मोड़ पहले भी कई सड़क दुर्घटनाओं का गवाह बन चुका है। ग्रामीणों ने यहां अतिरिक्त सुरक्षा उपाय, चेतावनी संकेतक और गति नियंत्रण व्यवस्था लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।





