पिलानी: विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत घंडावा में शनिवार को ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026’ के अंतर्गत विशेष ग्राम रथ अभियान पहुंचा। भाजपा नेता निषीत कुमार (बबलू चौधरी) ने बतौर प्रभारी रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बबलू चौधरी बोले- खेती में तकनीक से बदलेगी किसानों की तस्वीर
इस मौके पर निषीत कुमार (बबलू चौधरी) ने कहा कि ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य आधुनिक कृषि तकनीकों, निवेश और वैश्विक सहयोग की जानकारी सीधे किसानों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026’ कृषि क्षेत्र के लिए एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय मंच साबित होगा, जिससे किसानों को नई तकनीक और आधुनिक संसाधनों का लाभ मिलेगा।

जयपुर में 23 से 25 मई तक होगा बड़ा आयोजन
उन्होंने बताया कि आगामी 23 से 25 मई 2026 तक जयपुर में ‘ग्राम 2026’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के लिए प्रदेशभर में विशेष रथ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से किसानों को कृषि नवाचार, आधुनिक उपकरण, जैविक खेती, कृषि निवेश और तकनीकी विकास से जुड़ी जानकारियां दी जा रही हैं।

सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में हुआ स्वागत
कार्यक्रम में पिलानी विधानसभा प्रत्याशी राजेश दहिया, सरपंच रामेश्वर, डॉ. सुरेंद्र सिहाग, ग्राम सेवक संदीप गोयल, चिड़ावा के पूर्व मंडल अध्यक्ष बाबूलाल, झुंझुनूं शहर मंडल अध्यक्ष कमलकांत शर्मा और पूर्व जिला उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह कालीपहाड़ी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी कृषि विकास से जुड़े इस अभियान का स्वागत किया।




