चिड़ावा: नूनिया गोठड़ा के नजदीक घासी का बास गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां गेहूं की फसल निकालते समय एक युवक थ्रेशर मशीन में फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवक का शरीर मशीन में फंसकर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नूनिया गोठड़ा निवासी विकास उर्फ कालू पुत्र रघुवीर नूनिया, उम्र 28 वर्ष, अपने परिचित के खेत में गेहूं की फसल से दाने निकालने के लिए थ्रेशर मशीन चला रहा था। इसी दौरान अचानक वह मशीन की चपेट में आ गया।

हादसे के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बगड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर बगड़ के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

मृतक युवक विकास उर्फ कालू अविवाहित था तथा खेती-बाड़ी का काम करता था वह रोजमर्रा की तरह खेत में काम कर रहा था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।




