चिड़ावा: क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां एक अधेड़ व्यक्ति की कुएं में गिरने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सारी गांव निवासी 59 वर्षीय रामसिंह पचार रात के समय खेत में बने कुएं की मोटर चलाने गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे सीधे कुएं में जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक रामसिंह पचार अपने पीछे परिवार में दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। उनके बेटे सुनील ने घटना की रिपोर्ट पुलिस थाने में दर्ज करवाई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। रामसिंह पेशे से ड्राइवर थे।

सूचना मिलने पर सुलताना थाने से एएसआई बनवारी लाल मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चिड़ावा उप जिला अस्पताल लाया गया।

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में यह हादसा पैर फिसलने के कारण हुआ बताया जा रहा है।




