सुलताना: कस्बे के मालपुरा रोड स्थित करणी माता मंदिर के पीछे बने राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा सेवाओं को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला, जब मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. नेहा ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस नियुक्ति से क्षेत्र के ग्रामीणों और व्यापारियों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर नई उम्मीद जगी है।
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने डॉ. नेहा का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रीराम वर्मा और युधिष्ठिर प्रसाद शर्मा ने की। इस अवसर पर ग्रामीणों ने डॉ. नेहा को साफा पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमित, गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलने की उम्मीद जताई।
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. नेहा ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि क्षेत्रवासियों को ईमानदार, समर्पित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को प्राथमिकता के आधार पर उपचार दिया जाएगा और किसी भी जरूरतमंद को चिकित्सा सुविधा से वंचित नहीं रखा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तीन चिकित्सकों ने कार्यभार संभाला है। इनमें डॉ. अंजली को बाल रोग विशेषज्ञ, डॉ. अलका को स्त्री रोग विशेषज्ञ और डॉ. नेहा को मेडिसिन विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के बाद क्षेत्र में इलाज के लिए अन्य शहरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि अब सामान्य से लेकर जटिल बीमारियों के इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता से ग्रामीण अंचल के मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा, जिससे स्वास्थ्य स्तर में सुधार होगा।





