झुंझुनूं: जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक साथ कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। चेन स्नैचिंग के 5-5 हजार रुपये के इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी से लेकर हत्या के प्रयास, जानलेवा हमले, स्थाई वारंट और अवैध शराब तस्करी तक के मामलों में फरार बदमाशों को दबोचा गया है। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई, जिससे कानून-व्यवस्था को मजबूती मिली है।
कोतवाली थाना: 5-5 हजार के इनामी चेन स्नैचर गिरफ्तार
झुंझुनूं शहर में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले 5-5 हजार रुपये के इनामी आरोपी विनोद बावरिया और मोनू बावरिया को पुलिस थाना कोतवाली की टीम ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वृत्ताधिकारी रामखिलाड़ी के सुपरविजन में थानाधिकारी श्रवण कुमार नील के नेतृत्व में की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि 4 अगस्त 2024 को कामिनी गुप्ता अपनी बेटी के साथ स्कूटी से जा रही थीं, तभी मंड्रेला रोड पर बाइक सवार दो युवकों ने चलती स्कूटी से सोने की चेन तोड़ ली और फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें चिड़ावा बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। विनोद बावरिया का पूर्व में चोरी और आपराधिक षड्यंत्र का रिकॉर्ड भी सामने आया है।
थाना मेहाड़ा: जानलेवा हमले में 2 साल से फरार इनामी आरोपी दबोचा
पुलिस थाना मेहाड़ा क्षेत्र में लाठी-सरियों से जानलेवा हमला करने के मामले में 2 साल से फरार 2 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमित कुमार को पुलिस ने नारनौल से गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई थानाधिकारी राममनोहर और डीएसटी प्रभारी सरदारमल के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
मामले में परिवादिया गुडलदेवी ने रिपोर्ट दी थी कि उसके बेटे पर 8-10 लोगों ने सामूहिक रूप से हमला कर हाथ-पैर तोड़ दिए थे। पुलिस पहले ही दीपक, भूपेन्द्र, रोहित, विकेश और पुनित सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि फरार अमित कुमार लगातार स्थान बदल रहा था, जिसे तकनीकी और आसूचना सहयोग से दबोच लिया गया।
थाना पिलानी: 7 साल से फरार हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार
हत्या के प्रयास के एक गंभीर प्रकरण में 7 वर्षों से फरार आरोपी सुमेर सिंह को पुलिस थाना पिलानी की टीम ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी चन्द्रभान के नेतृत्व में हुई।
साल 2019 में दर्ज इस मामले में आरोपी ने कुल्हाड़ी और लोहे की सरियों से हमला किया था, जिसके बाद वह फरार होकर विदेश चला गया। हाल ही में भारत लौटने की सूचना पर मुखबिर की जानकारी से आरोपी को पिलानी से दबोचा गया।
थाना खेतड़ी: स्थाई वारंटी और अवैध शराब तस्कर गिरफ्तार
पुलिस थाना खेतड़ी की टीम ने एक साल से फरार स्थाई वारंटी रोहिताश्व को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अलग कार्रवाई में अवैध देशी शराब के 48 पव्वों के साथ रामचन्द्र को भी दबोचा गया। दोनों मामलों में थानाधिकारी मोहनलाल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
थाना मलसीसर: अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
मलसीसर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान अवैध ढोला मारू देशी शराब के 40 पव्वों के साथ राकेश कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी गोविंदपुरा कच्चे रास्ते से शराब ले जा रहा था। पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।





