अलवर: राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बास गांव में एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची ने टॉफी समझकर बारूद से भरा विस्फोटक चबा लिया, जिससे उसके मुंह और जबड़े में गंभीर चोटें आईं। घटना में घायल बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने आपातकालीन ऑपरेशन कर उसका उपचार शुरू किया।
टॉफी लेने गई थी बच्ची, दुकानदार ने थमाया विस्फोटक
परिजनों के अनुसार, तीन वर्षीय अक्शु पुत्री साक्षी अपनी छह वर्षीय बड़ी बहन अहाना के साथ गांव की एक किराना दुकान पर टॉफी लेने गई थी। आरोप है कि दुकान संचालक सुदील उर्फ काला पुत्र नत्थो ने टॉफी की जगह बारूद से भरा पटाखेनुमा विस्फोटक बच्ची को दे दिया। जैसे ही अक्शु ने उसे मुंह में डालकर चबाया, तेज धमाका हो गया।
धमाके से जबड़ा और गाल बुरी तरह क्षतिग्रस्त
विस्फोट इतना तीव्र था कि बच्ची का जबड़ा और गाल गंभीर रूप से फट गए। धमाके के बाद बच्ची खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ी। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल बच्ची को अलवर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका आपातकालीन ऑपरेशन किया। परिजन तत्काल बच्ची को अलवर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका आपातकालीन ऑपरेशन किया।
ऑपरेशन सफल, बच्ची खतरे से बाहर
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, बच्ची का ऑपरेशन सफल रहा है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है। एहतियातन बच्ची को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
इस मामले में बच्ची की चाची निकिता पुत्री परवीन ने रामगढ़ थाने में दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुकानदार को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है। एएसपी अलवर कांबले शरण गोपीनाथ (आईपीएस) ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची टॉफी लेकर आई थी, जिसे खाने के दौरान उसके मुंह में विस्फोट हुआ। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि किराना दुकान पर इस प्रकार का विस्फोटक कैसे रखा गया था।





