पिलानी: तालाब बस स्टैंड पिलानी पर सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) – SUCI(C) के नेतृत्व में अमेरिकी साम्राज्यवाद के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को अमेरिका द्वारा बंधक बनाए जाने तथा वेनेजुएला पर हमले की कथित साजिश के विरोध में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संगठन के नेता शंकर दहिया ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अंतरराष्ट्रीय कानूनों की धज्जियां उड़ाकर खुले तौर पर गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका बहाने बनाकर वेनेजुएला के प्राकृतिक तेल संसाधनों पर कब्जा करना चाहता है और इसके लिए सैन्य व राजनीतिक दबाव की नीति अपना रहा है। शंकर दहिया ने कहा कि अमेरिकी साम्राज्यवाद लगातार विभिन्न देशों पर हमले कर वैश्विक स्तर पर अपनी दादागिरी कायम करने की कोशिश कर रहा है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि एक समय सोवियत रूस के समाजवादी अस्तित्व के कारण अमेरिका की आक्रामक नीतियों पर अंकुश लगा हुआ था, लेकिन समाजवाद के पतन के बाद अमेरिका खुलेआम युद्ध और हस्तक्षेप की नीतियां अपना रहा है। प्रदर्शनकारियों ने इसे विश्व शांति के लिए गंभीर खतरा बताया और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अमेरिकी नीतियों के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।

विरोध प्रदर्शन के दौरान “अमेरिकी साम्राज्यवाद मुर्दाबाद”, “डोनाल्ड ट्रंप मुर्दाबाद”, “वेनेजुएला पर हमला बंद करो” जैसे नारे लगाए गए, जिससे पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन आक्रोश और विरोध की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस प्रदर्शन में संजय पेंटर, महादेवाराम जांगिड़, राजेंद्र सिहाग, होशियार सिंह, नंदलाल सैनी, महावीर प्रसाद शर्मा, संदीप शर्मा, साबिर अली, प्रताप आलाडिया और अनवर अली भाटी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा विनोद, राजू पपूरना, बलवान, विकास, सुरेश काजी मुबारक, शीशपाल, हरिराम आलडिया, असलम, प्रभु दयाल, रफीक, नरेश बोयत, शिवअवतार आलड़िया जैसे स्थानीय नागरिकों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम को व्यापक समर्थन मिला।





